दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन (LSR) के पिछले गेट के पास पुलिस मुठभेड़ के बाद कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से भौतिक कक्षाएं रद्द कर दी हैं. बुधवार से कक्षाएं ऑनलाइन संचालित करने का निर्देश दिया गया है. मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद कॉलेज परिसर की गतिविधियां रोक दी गई थीं.

कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, यह फैसला छात्राओं, फैकल्टी और स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया. प्रिंसिपल आहूजा ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही कक्षाएं रद्द की गईं. फैकल्टी मेंटर्स और कॉलेज काउंसलर को सक्रिय रहने के लिए कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्रों को मानसिक और भावनात्मक सहायता मिल सके.

बैक गेट के पास जुटने से मना किया गया

प्रशासन ने छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को कॉलेज के पिछले गेट के आसपास एकत्र न होने की सलाह दी है. कॉलेज ने बाहरी सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस के संपर्क में रहने की बात कही है. गेस्ट फैकल्टी को भी बुधवार की कक्षाएं ऑनलाइन लेने का निर्देश दिया गया है.

घटना के बाद LSR स्टूडेंट्स यूनियन ने मंगलवार रात 9 बजे ऑनलाइन इमरजेंसी जनरल बॉडी मीटिंग बुलाई. यूनियन के अनुसार, कॉलेज के इतने करीब हुई मुठभेड़ से कई छात्राएं डरी हुई और असुरक्षित महसूस कर रही हैं. बैठक में छात्रों की चिंताओं और कैंपस सुरक्षा से जुड़े कदमों पर चर्चा की जानी थी. यूनियन सुरक्षा मांगों को लेकर प्रिंसिपल कार्यालय से औपचारिक मुलाकात करने की तैयारी में है.

पुलिस के मुताबिक आरोपी को पैर में गोली लगी

पुलिस के अनुसार, अमर कॉलोनी के बैक गेट रोड यानी DM ऑफिस रोड के पास आरोपी को पकड़ने पहुंची टीम पर गोली चलाई गई. जवाबी कार्रवाई में ‘आसिफ’ नाम के आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. यह कार्रवाई कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में की गई.

एफआईआर के मुताबिक, तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर नाबालिग और उसके 17 वर्षीय पुरुष मित्र को रोका था. आरोप है कि दोनों को मामला दर्ज करने की धमकी दी गई और लड़की को पार्क के सुनसान हिस्से में ले जाया गया. शिकायत में आसिफ पर बंदूक और चाकू की धमकी देकर यौन उत्पीड़न करने तथा दो अन्य आरोपियों पर भी अपराध में शामिल होने का आरोप है. पीड़िता का एम्स में मेडिकल परीक्षण कराया गया और अमर कॉलोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया.

मामले में नामजद हेमंत और मुकेश के पिता, अधिवक्ता जे.आर. ढांकड़, ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि पुलिस दोनों को मंगलवार सुबह घर से ले गई और उनके साथ मारपीट की गई. उन्होंने आरोपों को साजिश बताते हुए कहा कि उनके बेटों का पीड़िता से कोई संबंध नहीं है. इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की कानूनी जांच जारी है.