नई दिल्ली में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमन (LSR) प्रशासन के साथ बैठक कर छात्राओं की सुरक्षा और परिसर के आसपास की व्यवस्थाओं की समीक्षा की. यह कदम आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद उठाया गया है.
बैठक में कॉलेज के आसपास पुलिस गश्त, प्रवेश-द्वारों की निगरानी और छात्राओं की आवाजाही से जुड़े सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा हुई. अधिकारियों ने प्रशासन के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया.
घटना के बाद कॉलेज ने बुधवार को नियमित कक्षाएं ऑनलाइन कर दी थीं और छात्रों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों से पिछले गेट के आसपास अनावश्यक रूप से जमा न होने की अपील की थी. कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए परामर्श और सहायता उपलब्ध कराने की बात कही थी.
मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. जांच के दौरान पार्क में सीसीटीवी, रोशनी और निगरानी से जुड़ी कमियों को लेकर भी सवाल उठे हैं. दिल्ली के उपराज्यपाल ने सभी पार्कों का सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्देश दिया है.
