लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक कारोबारी का अपहरण करने और उससे 13 लाख रुपये नकद व जेवर वसूलने के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है और उसके कुछ अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.
राजेंद्रनगर निवासी कारोबारी सुदर्शन घोष ने 13 सितंबर को कृष्णानगर थाने में अपहरण और फिरौती से जुड़ी धाराओं में शिकायत दर्ज कराई थी. कारोबारी के मुताबिक, वह अपने दफ्तर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए फर्जी पहचान-पत्र दिखाया और उन्हें जबरन कार में बैठा लिया. पुलिस के अनुसार, इसके बाद उनके साथ हथियारों के बल पर मारपीट की गई.
आरोपियों ने कारोबारी से उनकी पत्नी को फोन कराया और घर से नकदी व जेवर मंगवाए. जांच में पुलिस को पता चला कि वारदात से पहले कारोबारी की आर्थिक स्थिति और आवाजाही की जानकारी जुटाई गई थी. पुलिस का कहना है कि इस जानकारी में लखनऊ का एक व्यक्ति भी शामिल था, जिसे पीड़ित का करीबी बताया जा रहा है.
220 से अधिक CCTV फुटेज की जांच
मामले की जांच के लिए पुलिस ने आठ विशेष टीमें और सर्विलांस सेल लगाया. पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से लेकर वारदात के संभावित रूट तक करीब 220 से 240 CCTV फुटेज खंगाले गए. तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इनपुट के आधार पर अनुराग, लवी कुमार, दीपांशु कुमार, अनुराग कुमार, आकाश चौधरी और मनीष कुमार को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहचान छिपाने के लिए वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलते थे. वारदात के बाद वे अलग-अलग राज्यों में चले गए थे और कथित तौर पर लूटी गई रकम आपस में बांट ली थी. पुलिस का कहना है कि आरोपी किसी नई बड़ी वारदात की योजना से दोबारा लखनऊ पहुंचे थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया.
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. फरार आरोपियों की तलाश और कारोबारी से वसूली गई रकम व जेवरों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं.
