उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला. मेरठ और बरेली समेत आठ शहरों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई. लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार 11वें दिन बढ़ रहा है. फैयाजुल्लागंज इलाके में 40 हजार से अधिक घर आधे से ज्यादा पानी में डूबने की जानकारी है. बाढ़ से तीन लाख से अधिक लोग प्रभावित बताए गए हैं.

बिहार में मानसून की विदाई के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है. राज्य के 18 जिलों में बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.

उत्तराखंड और राजस्थान में भी चेतावनी

उत्तराखंड के सभी जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है. शुक्रवार को छह जिलों में बारिश के साथ ओले पड़े, जबकि चमोली और पिथौरागढ़ में बर्फबारी जारी है. देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

राजस्थान के तीन जिलों में 10 और 11 अक्टूबर को आंधी-बारिश का येलो अलर्ट है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से बीकानेर समेत तीन जिलों में हल्की बारिश की संभावना है.