लखनऊ में करीब 15 दिनों से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, शहर में 5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं. फैजुल्लागंज क्षेत्र में स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई गई है, जहां 50 से 60 हजार से अधिक घरों में आधे से ज्यादा हिस्सा पानी में डूबा हुआ है. कुछ इलाकों में जलस्तर घटा है, लेकिन लोगों की परेशानियां बनी हुई हैं. कई सड़कों पर नावों से आवागमन किया जा रहा है.
हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है. लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है. कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और आसमानी बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है.
उत्तराखंड के सात जिलों में बारिश के आसार
उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में बारिश का अनुमान है. 3,500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. 14 से 16 अक्टूबर के बीच अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है और दिन में धूप के कारण गर्मी महसूस हो सकती है.
