उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी, उसके कथित प्रेमी, प्रेमी के सहयोगी और महिला के 16 वर्षीय बेटे को पकड़ा है. पुलिस के अनुसार, मृतक का शव 16 सितंबर को कनकहा इलाके में भवाखेड़ा के पास नहर के पुल के नीचे एक संदूक से बरामद हुआ था.

पुलिस का आरोप है कि मृतक रामकिशोर वाल्मीकि की पत्नी सूफिया बानो का अपने पति से उसकी पहली पत्नी कविता देवी से संपर्क और उसे आर्थिक मदद देने को लेकर विवाद होता था. अधिकारियों के मुताबिक, इसी विवाद के बीच बानो ने कथित तौर पर मुन्ना उर्फ मुच्छड़ और मोहम्मद इकबाल उर्फ बशीर अहमद के साथ हत्या की साजिश रची.

जांच के अनुसार, 14-15 सितंबर की रात दोनों आरोपी घर में दाखिल हुए और सो रहे रामकिशोर पर चाकू से हमला किया. इसके बाद शव को बिस्तर के नीचे रखे लकड़ी के बक्से में छिपाया गया और अगले दिन ई-रिक्शा से नहर के पुल के नीचे ले जाकर फेंकने का आरोप है.

पुलिस ने संदिग्ध रास्ते के 170 से 180 CCTV फुटेज खंगाले. अधिकारियों ने कथित हत्या में इस्तेमाल चाकू और ई-रिक्शा बरामद करने की बात कही है. मामले में 17 सितंबर को FIR दर्ज की गई थी.