पंजाब के लुधियाना में एक महिला ने अपने पति रितीश शर्मा पर महिंद्रा थार और बाइक की मांग को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति महिला को थप्पड़ मारते, बाल पकड़कर खींचते और सड़क पर गिराते हुए दिखाई दे रहा है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर की रात की है. महिला की चीख सुनकर पड़ोसी बाहर आए और बीच-बचाव कर उसे बचाया. महिला ने पुलिस में शिकायत देकर CCTV फुटेज को साक्ष्य के तौर पर सौंपा है.
महिला का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद पति ने थार की मांग शुरू की थी. बाद में बाइक को लेकर भी विवाद होने लगा और घर में अक्सर झगड़े होते थे. घटना वाले दिन बाइक की मांग को लेकर विवाद बढ़ने के बाद वह पड़ोसी के घर की ओर भागी, लेकिन पति वहां भी पहुंच गया.
रितीश शर्मा स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करते हैं, जबकि उनकी पत्नी ट्विंकल सैलून चलाती हैं. दोनों ने पिछले साल नवंबर में शादी की थी. यह ट्विंकल की दूसरी शादी बताई गई है. पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की है. आरोपों की जांच जारी है.
