महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के शिरोल तालुका स्थित नंदनी मठ में शनिवार को माधुरी हथिनी की 13 महीने बाद वापसी हुई. उसके लौटने की खबर पर हजारों स्थानीय लोग जुटे और फूल बरसाकर उसका स्वागत किया. मठ परिसर में रंगोली बनाई गई थी, जबकि रास्ते में भी कई जगह लोगों ने माधुरी पर फूल बरसाए.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, माधुरी को गुजरात स्थित वंतारा से नंदनी लाने वाली टीम के साथ वंतारा के CEO विवान कार्णिक भी मौजूद थे. नंदनी पहुंचने पर लोगों ने गुलाब के फूल बिखेरे और कुछ कार्यकर्ताओं ने पटाखे भी फोड़े. इलाके में अनंत अंबानी को धन्यवाद देने वाले होर्डिंग लगाए जाने की भी जानकारी सामने आई है.

अदालतों के आदेश से जुड़ा मामला

माधुरी को वंतारा भेजने का मामला 2023 से चल रहा था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉम्बे हाईकोर्ट ने पहले दिसंबर 2024 में हथिनी के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए उसे वंतारा स्थानांतरित करने का आदेश दिया था. बाद में 16 जुलाई को भी उसे वंतारा भेजने का आदेश दिया गया. इसके बाद 29 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने इस आदेश को बरकरार रखा.

हथिनी को स्थानांतरित करने के पीछे PETA इंडिया की ओर से उसकी सेहत, गठिया और मानसिक तनाव को लेकर जताई गई चिंताओं का उल्लेख किया गया था. उसके वंतारा भेजे जाने के बाद कोल्हापुर में विरोध प्रदर्शन हुए और उसे वापस लाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. प्रदर्शनकारियों ने धार्मिक परंपराओं और भावनाओं को ठेस पहुंचने की बात कही थी.

वन्यजीव संस्था वंतारा ने 7 अगस्त के बयान में कहा था कि माधुरी को वहां भेजने का फैसला उसका नहीं था, बल्कि यह बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत हुआ था.

माधुरी को 1992 में नांदणी गांव के जैन भट्टारक पट्टाचार्य महास्वामी संस्थान मठ लाया गया था. रिपोर्ट्स के अनुसार, वह तब चार साल की थी और मठ में 32 वर्षों से रह रही थी. मठ में हाथी पालने की परंपरा करीब 700 वर्षों से चली आ रही है.