मद्रास हाईकोर्ट ने कहा है कि अगर किसी महिला को शादी के समय पति की पहली शादी की जानकारी नहीं थी, तो उस पर बिगैमी यानी दूसरी शादी का मुकदमा नहीं चलाया जा सकता. अदालत ने यह भी कहा कि ऐसी महिला को पति की रिश्तेदार मानकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 के तहत क्रूरता के मामले में आरोपी नहीं बनाया जा सकता.
यह आदेश जस्टिस एन. रमेश ने राजलक्ष्मी बनाम द स्टेट मामले में दूसरी पत्नी की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनाया. मामला पहली पत्नी की शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ था. याचिकाकर्ता का कहना था कि पति ने उससे अपनी पहली शादी की बात छिपाई और वह अपराध में शामिल नहीं थी.
BNS की धाराओं पर अदालत की टिप्पणी
अदालत ने कहा कि BNS की धारा 85, भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 498A के अनुरूप है. यह प्रावधान पति या उसके रिश्तेदारों की ओर से महिला के साथ की गई क्रूरता से जुड़ा है और हर व्यक्ति पर सामान्य रूप से लागू नहीं होता.
कोर्ट के मुताबिक रिश्तेदारी आम तौर पर खून, शादी या गोद लेने के रिश्ते से बनती है. पहली शादी से अनजान दूसरी पत्नी को पति की रिश्तेदार नहीं माना जा सकता. अदालत ने कहा कि इस स्थिति में पति ने दोनों महिलाओं को धोखा दिया, इसलिए दूसरी पत्नी को आरोपी और पहली पत्नी को पीड़ित मानकर कार्रवाई नहीं की जा सकती.
बिगैमी के संबंध में अदालत ने BNS की धारा 82 का उल्लेख किया. कोर्ट ने कहा कि यह प्रावधान उस व्यक्ति पर लागू होता है, जो जीवनसाथी के जीवित रहते दूसरी शादी करता है. पहली शादी छिपाने पर दंड का प्रावधान भी लागू हो सकता है. दूसरी पत्नी को जानकारी थी या उसने अपराध में भाग लिया था, इसका कोई सबूत न होने पर उसे मामले में नहीं घसीटा जा सकता.
अदालत ने दूसरी पत्नी को कुछ शर्तों के साथ अग्रिम जमानत दे दी. साथ ही कहा कि पहली शादी की जानकारी न होने के उसके दावे की जांच की जा सकती है और इस मामले में हिरासत में पूछताछ जरूरी नहीं है.
