मद्रास हाईकोर्ट ने एक वैवाहिक विवाद की सुनवाई के दौरान कहा कि पत्नी से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह हर जगह पति के पीछे-पीछे चले. अदालत के मुताबिक, नौकरी या अन्य परिस्थितियों के कारण पति को दूसरे शहर में जाना पड़े तो पत्नी का हर बार उसके साथ जाना जरूरी नहीं है.

यह मामला करीब 16 साल से अलग रह रहे एक दंपती से जुड़ा है. दोनों की शादी सितंबर 1992 में हुई थी और उनके चार बच्चे हैं. सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि पति-पत्नी के बीच काफी कड़वाहट पैदा हो चुकी है और उनके फिर से साथ आने की संभावना नहीं दिखती. अदालत ने पति को पत्नी को 7 लाख रुपये भरण-पोषण के तौर पर देने का आदेश दिया.

मुंबई जाने को लेकर फैमिली कोर्ट की दलील

पति ने तलाक की अर्जी में कहा था कि वह नौकरी के सिलसिले में मुंबई गया था, लेकिन पत्नी उसके साथ नहीं गई. फैमिली कोर्ट ने इस आधार पर पति की तलाक याचिका खारिज कर दी थी. उसका मानना था कि पति खुद पत्नी को छोड़कर गया, इसलिए वह अपने ही गलत आचरण का लाभ उठाकर तलाक नहीं मांग सकता.

हाईकोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया. अदालत ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 23(1)(a) में बताए गए ‘गलत आचरण’ की व्याख्या करते हुए कहा कि इसका मतलब ऐसा गंभीर व्यवहार है, जो न्याय और उचित आचरण के खिलाफ हो. केवल नौकरी के कारण दूसरे शहर में जाना और पत्नी का साथ न जाना अपने आप में ऐसा आचरण नहीं माना जा सकता.

विवाहेतर संबंध का आरोप साबित नहीं हुआ

पति ने पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने का आरोप भी लगाया था. हालांकि, हाईकोर्ट ने इस आरोप को स्वीकार नहीं किया. जस्टिस जीआर स्वामीनाथन और जस्टिस एमडी सुमति की पीठ ने कहा कि जिस व्यक्ति को पत्नी का कथित प्रेमी बताया गया, उसे मामले में पक्षकार ही नहीं बनाया गया था.

अदालत के मुताबिक, ऐसे आरोप में संबंधित व्यक्ति को भी मामले में शामिल करना जरूरी है. ऐसा नहीं होने पर विवाहेतर संबंध के आधार पर लगाया गया आरोप टिक नहीं सकता.

पत्नी ने साथ रहने की औपचारिक पहल नहीं की

हाईकोर्ट ने यह भी दर्ज किया कि अलग रहने के दौरान पत्नी ने पति के साथ दोबारा रहने के लिए कोई औपचारिक कदम नहीं उठाया. उसने पति को साथ लौटने के लिए कोई पत्र या कानूनी नोटिस भी नहीं भेजा था. अदालत ने दोनों के बीच समझौते की कोशिश की, लेकिन बातचीत से समाधान नहीं निकला.

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि हर परिस्थिति में पति-पत्नी का एक ही जगह रहना व्यावहारिक नहीं होता. पीठ ने सेना का उदाहरण देते हुए कहा कि बैरक में रहने वाला सैनिक वहां पत्नी के साथ सामान्य वैवाहिक घर नहीं बसा सकता. इसी तरह पत्नी की अपनी नौकरी या अन्य जिम्मेदारियां भी हो सकती हैं. इसलिए यह अपेक्षा नहीं की जा सकती कि पति जहां भी जाए, पत्नी हर बार उसके साथ चली जाए.