DMK के राज्यसभा सांसद जे. कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन ने निर्वाचन आयोग में शिकायत देकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और खेल मंत्री आधव अर्जुन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. शिकायत मदुरंतकम विधानसभा उपचुनाव से पहले हुई एक चुनावी रैली में लंबित POCSO मामले के उल्लेख को लेकर है.
रविंद्रन का आरोप है कि TVK के दोनों नेताओं ने ग्रेनाइट कारोबारी आर. वीरमणि से जुड़े मामले का जिक्र कर आदर्श आचार संहिता और मद्रास हाईकोर्ट के निर्देश का उल्लंघन किया. उन्होंने शिकायत में कहा कि ये भाषण बड़ी जनसभाओं में तमिल में दिए गए, टीवी चैनलों पर प्रसारित हुए और सोशल मीडिया पर भी व्यापक रूप से साझा किए गए.
अदालत के निर्देश का हवाला
शिकायत के अनुसार, मद्रास हाईकोर्ट ने TVK प्रतिनिधियों को वीरमणि के खिलाफ POCSO मामले को DMK, उसके नेताओं या पदाधिकारियों से जोड़ते हुए बयान देने से परहेज करने को कहा था. यह निर्देश DMK महासचिव दुराइमुगन की ओर से आधव अर्जुन, मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार और TVK की आईटी विंग के खिलाफ दायर मानहानि वाद की सुनवाई के दौरान दिया गया था.
रविंद्रन ने यह भी कहा कि आदर्श आचार संहिता के तहत राजनीतिक दलों की आलोचना नीतियों, कार्यक्रमों, पिछले रिकॉर्ड और कामकाज तक सीमित रहनी चाहिए. रैली 25 सितंबर को हुई थी. वहां विजय ने दावा किया था कि वीरमणि के खिलाफ मामला DMK अध्यक्ष एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली पूर्व सरकार के दौरान दबा दिया गया था. अर्जुन ने भी इसी तरह के आरोप लगाए थे.
पुलिस के अनुसार, वीरमणि को पिछले महीने दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया गया था. मामला 2019 में चेन्नई में एक नाबालिग लड़की के कथित यौन उत्पीड़न से जुड़ा है और अक्टूबर 2025 में दर्ज किया गया था. स्टालिन ने उनकी सरकार पर वीरमणि को संरक्षण देने के आरोपों को खारिज किया है.
