महादेवी के नाम से पहचानी जाने वाली हाथिनी माधुरी करीब 13 महीने बाद गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा से महाराष्ट्र के कोल्हापुर लौट आई है. वह शनिवार रात लगभग दो बजे नांदणी गांव के जैन मठ पहुंची, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने फूल बरसाकर उसका स्वागत किया.
स्वास्थ्य और लंबी यात्रा की थकान को देखते हुए स्वागत कार्यक्रम सीमित रखा गया. भीड़ के बीच अधिक समय रखने के बजाय हाथिनी को सीधे उसके लिए तैयार किए गए शेल्टर में पहुंचाया गया. वनतारा से उसे गुरुवार शाम करीब पांच बजे रवाना किया गया था और उसने लगभग 1,160 किलोमीटर की दूरी तय की.
हाई पावर कमेटी की शर्तों के साथ वापसी
माधुरी को जुलाई 2025 में हाई पावर कमेटी के निर्देश पर वनतारा भेजा गया था. उसके स्थानांतरण का कोल्हापुर में विरोध हुआ और मामला बॉम्बे हाई कोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा. 9 सितंबर 2026 को कमेटी ने नांदणी में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद उसे वापस भेजने का आदेश दिया.
वापसी के बावजूद वनतारा की चिकित्सा निगरानी जारी रहेगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार उसकी स्थिति स्थिर है, लेकिन पुरानी स्वास्थ्य समस्याएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं. शर्तों के तहत उसे 24 घंटे निगरानी में रखा जाएगा और हर 15 दिन में मेडिकल जांच होगी. वनतारा के डॉक्टर भी इसी अंतराल पर नांदणी जाकर जांच कर सक्षम अधिकारियों को रिपोर्ट देंगे.
मठ में उसके लिए ऊंचाई और वेंटिलेशन वाला शेल्टर बनाया गया है. पैरों को आराम देने के लिए रबर मैट, गर्मी और मक्खियों से बचाव के लिए बड़े पंखे, फॉगिंग सिस्टम और पानी के फव्वारे लगाए गए हैं. परिसर में पानी का तालाब और हाइड्रोथेरेपी के लिए स्विमिंग टैंक भी तैयार किया गया है. उसके आहार के अनुसार भोजन बनाने के लिए अलग रसोई, प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा और महावत के स्थायी निवास की व्यवस्था की गई है. महादेवी को जुलूस या किसी अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम में इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी.
