महाराष्ट्र सरकार ने कम मानसूनी बारिश और लंबे शुष्क दौर के कारण राज्य के 358 में से 265 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया है. यह स्थिति 2026 के खरीफ सीजन की फसलों पर असर के बाद घोषित की गई. सरकार ने यह कदम सूखा प्रबंधन संहिता, 2016 के तहत उठाया है.

कृषि आयुक्त की रिपोर्ट के आधार पर जून से इन तालुकों में सूखे जैसी स्थिति दर्ज की गई थी. इन क्षेत्रों में मानसून के दौरान कम-से-कम 21 दिनों तक पर्याप्त बारिश नहीं होने वाला ‘ट्रिगर-1’ भी सक्रिय किया गया है.

GPS तस्वीरों से होगा फसल नुकसान का आकलन

जिला कलेक्टरों को तत्काल खेतों का सर्वेक्षण शुरू करने और पंचनामा तैयार करने का निर्देश दिया गया है. नुकसान का दस्तावेजीकरण GPS लोकेशन वाली तस्वीरों के साथ किया जाएगा. कलेक्टरों को फसल नुकसान की समेकित रिपोर्ट तैयार कर कृषि आयुक्त के माध्यम से सरकार को भेजनी होगी.

सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसानों को दी जाने वाली फसल नुकसान सहायता की राशि अभी तय नहीं हुई है. इस पर फैसला मैदानी आकलन पूरा होने के बाद लिया जाएगा.

जिला स्तर पर तैयार की जाने वाली सूखा-प्रतिक्रिया योजना में पेयजल, पशुओं के लिए पानी, चारा, खाद्यान्न आपूर्ति, कृषि बिजली और रोजगार से जुड़े उपाय शामिल होंगे. पानी की कमी वाले गांवों की पहचान कर जरूरत पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था करनी होगी. पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता का भी आकलन किया जाएगा.

सूखाग्रस्त घोषित गांवों में कृषि पंपों के बिजली कनेक्शन काटने पर रोक रहेगी. राहत उपायों में भूमि राजस्व में छूट, कृषि ऋणों का पुनर्गठन और कृषि ऋणों की वसूली पर तत्काल रोक शामिल है. 7.5 हॉर्सपावर से अधिक क्षमता वाले कृषि पंपों के मौजूदा बिजली बिलों पर रियायत दी गई है, जबकि 7.5 हॉर्सपावर तक की खपत पहले ही माफ की जा चुकी है. प्रभावित क्षेत्रों के स्कूल और कॉलेज विद्यार्थियों की परीक्षा फीस भी माफ की गई है.

सरकार ने जल-संरक्षण कार्य शुरू करने और सूखाग्रस्त इलाकों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत अतिरिक्त काम कराने का निर्देश दिया है.

प्रभावित तालुकों की सबसे ज्यादा संख्या छत्रपति संभाजीनगर संभाग में 74 है. इसके बाद अमरावती में 56, नासिक में 49, नागपुर में 39, पुणे में 35 और कोंकण में 12 तालुके शामिल हैं.