महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने त्योहारों से पहले राज्य के कई जिलों में कार्रवाई करते हुए 95 टन से अधिक बटर, पनीर, मावा और अन्य खाद्य उत्पाद जब्त किए हैं. इसके अलावा 172 लीटर दूध भी जब्त किया गया. जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 4.45 करोड़ रुपये बताई गई है. अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है.
यह अभियान अहिल्यानगर, पुणे, नासिक और बुलढाणा में चलाया गया. अहिल्यानगर के एक कोल्ड स्टोरेज से 75,368 किलोग्राम पाश्चराइज्ड अनसॉल्टेड कुकिंग बटर जब्त किया गया. इसकी कीमत करीब 3.95 करोड़ रुपये आंकी गई है. FDA को स्टॉक की गुणवत्ता और लेबलिंग में गड़बड़ी की आशंका थी. नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं और पूरा स्टॉक सील कर दिया गया है.
पुणे में पनीर और मावा जब्त
पुणे में अधिकारियों ने दो वाहनों को रोका. इनमें तापमान नियंत्रित करने की सुविधा नहीं थी. वाहनों में रखे कुछ डेयरी उत्पाद बिना सील वाली पॉलीथीन में थे और उन पर सही जानकारी वाले लेबल नहीं मिले. कर्नाटक से लाए गए पनीर के बिल भी उपलब्ध नहीं थे.
पहले वाहन से 24 नमूने लेकर 7,362 किलोग्राम पनीर और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत 17.15 लाख रुपये बताई गई. दूसरे वाहन से 12 नमूने लिए गए और 6,081 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया. इसकी कीमत 14.55 लाख रुपये थी.
पुणे की एक अन्य कार्रवाई में बिना स्रोत की जानकारी वाला 4,627 किलोग्राम मावा जब्त किया गया. इसकी कीमत 11.56 लाख रुपये थी और पूरा स्टॉक नष्ट कर दिया गया. पुणे की तीन कार्रवाइयों में कुल 18,070 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त हुई और 69 नमूने लिए गए.
नासिक में गुजरात से लाई जा रही 1,955 किलोग्राम बर्फी जब्त की गई, जिसकी कीमत 5.58 लाख रुपये थी. बुलढाणा के यरली में दूध केंद्र की जांच के दौरान पंजीकरण, सफाई और रिकॉर्ड से जुड़ी कमियां मिलीं. वहां से 172 लीटर दूध जब्त कर नष्ट किया गया.
FDA की कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब गणेश चतुर्थी के साथ त्योहारों का मौसम शुरू होने वाला है. जब्त उत्पादों के नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी गुणवत्ता और मिलावट से जुड़े निष्कर्ष स्पष्ट होंगे.
