गणेश चतुर्थी से पहले महाराष्ट्र के कई जिलों में चलाए गए खाद्य सुरक्षा अभियान के दौरान फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने 95 टन से अधिक खाद्य सामग्री और 172 लीटर दूध जब्त किया. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4.45 करोड़ रुपये बताई गई है. कार्रवाई अहिल्यानगर, पुणे, नासिक और बुलढाणा में की गई.

FDA के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना था. अधिकारियों ने बटर, पनीर, खोया, दही और बर्फी के स्टॉक की जांच की. कुछ मामलों में गुणवत्ता, लेबलिंग, बिल, पैकेजिंग और भंडारण व्यवस्था से जुड़ी कमियां सामने आने के बाद नमूने लिए गए और सामान जब्त किया गया.

अहिल्यानगर में करीब 3.95 करोड़ रुपये का बटर जब्त

अहिल्यानगर के एक कोल्ड स्टोरेज पर कार्रवाई के दौरान 75,368 किलोग्राम पाश्चराइज्ड अनसॉल्टेड कुकिंग बटर जब्त किया गया. इसकी कीमत करीब 3.95 करोड़ रुपये बताई गई है. अधिकारियों को स्टॉक की गुणवत्ता और लेबलिंग में गड़बड़ी की आशंका थी. बटर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं और पूरा स्टॉक सील कर दिया गया है.

पुणे में पनीर और खोया की खेप रोकी

पुणे में FDA ने दो वाहनों को रोका, जिनमें त्योहार के दौरान बिक्री के लिए ले जाए जा रहे पनीर, खोया और दही की जांच की गई. अधिकारियों के अनुसार, वाहनों में तापमान नियंत्रित करने की सुविधा नहीं थी. कर्नाटक से लाए गए पनीर के बिल भी नहीं मिले. कुछ सामग्री बिना सील वाली पॉलीथिन में थी और उस पर आवश्यक जानकारी वाले लेबल नहीं लगे थे.

पहले वाहन से 24 नमूने लेकर 7,362 किलोग्राम पनीर और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत 17.15 लाख रुपये थी. दूसरे वाहन से 12 नमूने लिए गए और 6,081 किलोग्राम पनीर जब्त हुआ. इसकी कीमत 14.55 लाख रुपये बताई गई है.

पुणे में पेठ स्थित एक प्रतिष्ठान से बिना स्रोत की जानकारी वाला 4,627 किलोग्राम खोया जब्त किया गया, जिसकी कीमत 11.56 लाख रुपये थी. यह पूरा स्टॉक नष्ट कर दिया गया. जिले में तीन कार्रवाइयों के दौरान कुल 18,070 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई और 69 नमूने लिए गए.

नासिक में गुजरात से लाई जा रही 1,955 किलोग्राम बर्फी जब्त की गई, जिसकी कीमत 5.58 लाख रुपये बताई गई. बुलढाणा के यरली में एक दूध केंद्र की जांच के दौरान पंजीकरण, सफाई और रिकॉर्ड से जुड़ी कमियां मिलीं. वहां से 172 लीटर दूध जब्त कर नष्ट किया गया.

बटर और अन्य उत्पादों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद ही उनकी गुणवत्ता पर अंतिम निष्कर्ष निकलेगा.