महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने गणेश चतुर्थी से पहले राज्य के कई जिलों में जांच अभियान चलाकर 95 टन से अधिक खाद्य सामग्री और 172 लीटर दूध जब्त किया है. जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹4.45 करोड़ बताई गई है. कार्रवाई अहिल्यानगर, पुणे, नासिक और बुलढाणा में की गई.

अहिल्यानगर में करीब ₹3.95 करोड़ का बटर सील

अहिल्यानगर के एक कोल्ड स्टोरेज पर छापे के दौरान 75,368 किलो पाश्चराइज्ड अनसॉल्टेड कुकिंग बटर मिला. इसकी कीमत करीब ₹3.95 करोड़ आंकी गई है. अधिकारियों को स्टॉक की गुणवत्ता और लेबलिंग में गड़बड़ी की आशंका थी. बटर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं और पूरा स्टॉक सील कर दिया गया है.

पुणे में बिना तापमान नियंत्रण के ले जाया जा रहा था पनीर

पुणे में FDA ने दो वाहनों को रोका, जिनमें पनीर, खोया और दही ले जाया जा रहा था. अधिकारियों के मुताबिक, वाहनों में दूध से बने उत्पादों के लिए जरूरी तापमान नियंत्रण की सुविधा नहीं थी. कर्नाटक से लाए गए पनीर के बिल भी नहीं मिले. कुछ सामग्री बिना सील वाली पॉलीथिन में थी और पैकेटों पर जरूरी जानकारी वाले लेबल नहीं लगे थे.

पहले वाहन से 24 नमूने लेकर 7,362 किलो पनीर और अन्य सामग्री जब्त की गई. इसकी कीमत ₹17.15 लाख बताई गई. दूसरे वाहन से 12 नमूने लिए गए और 6,081 किलो पनीर जब्त किया गया, जिसकी कीमत ₹14.55 लाख थी.

पुणे के पेठ इलाके में 9 सितंबर को 4,627 किलो बिना स्रोत की जानकारी वाला खोया भी जब्त किया गया. इसकी कीमत ₹11.56 लाख थी और बाद में पूरा स्टॉक नष्ट कर दिया गया. पुणे की तीन कार्रवाइयों में कुल 18,070 किलो खाद्य सामग्री जब्त हुई और 69 नमूने लिए गए.

नासिक और बुलढाणा में भी कार्रवाई

नासिक में गुजरात से लाई जा रही 1,955 किलो बर्फी जब्त की गई, जिसकी कीमत ₹5.58 लाख बताई गई. बुलढाणा के यरली में एक दूध केंद्र की जांच के दौरान पंजीकरण, सफाई और रिकॉर्ड से जुड़ी कमियां मिलीं. वहां से 172 लीटर दूध जब्त कर नष्ट किया गया.

FDA ने बताया कि अभियान का उद्देश्य त्योहार से पहले सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना है. जिन नमूनों की जांच लंबित है, उनके बारे में अंतिम गुणवत्ता निष्कर्ष प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा.