महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) के तहत करीब 1.22 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम के कार्यालय के अनुसार, ये नोटिस उन मतदाताओं को भेजे जाएंगे जिनका रिकॉर्ड अभी मैप नहीं हुआ है या मैपिंग के बाद उनकी प्रविष्टियों में विसंगतियां मिली हैं.
31 अगस्त की कट-ऑफ तारीख के आधार पर कुल 1,22,24,007 नोटिस तैयार किए गए हैं. इनमें 62,48,281 नोटिस विसंगति वाले मामलों के लिए और 59,75,726 नोटिस अनमैप्ड मतदाताओं के लिए हैं.
मुंबई उपनगर में सबसे ज्यादा नोटिस
जिलेवार आंकड़ों में मुंबई उपनगर सबसे ऊपर है. यहां 16,39,628 नोटिस जारी किए जाएंगे. इसके बाद पुणे में 13,34,165, ठाणे में 13,17,184, नागपुर में 8,66,138 और नासिक में 7,34,788 नोटिस हैं. इन पांच जिलों में राज्य के कुल नोटिसों का करीब आधा हिस्सा है.
सबसे कम नोटिस परभणी में 21,774, हिंगोली में 35,826 और सिंधुदुर्ग में 43,442 मतदाताओं के लिए हैं. आंकड़ों के अनुसार, मुंबई उपनगर और ठाणे में अनमैप्ड मतदाताओं की संख्या अधिक है. मुंबई उपनगर में ऐसे 10,76,658 और ठाणे में 7,71,148 मामले बताए गए हैं.
इसके उलट अमरावती और नागपुर में विसंगति वाले मामलों की संख्या अधिक है. अमरावती में 3,51,259 और नागपुर में 4,47,874 प्रविष्टियां इस श्रेणी में रखी गई हैं.
बूथ के पास होंगी सुनवाई
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया को मतदाताओं के लिए सुगम बनाने के लिए सुनवाई मतदान केंद्रों के नजदीक आयोजित की जाएगी. बूथ लेवल अधिकारियों को जरूरी दस्तावेज जुटाने में मदद करने के निर्देश दिए गए हैं.
मतदाता अपने नोटिस में दी गई जानकारी के आधार पर जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन भी जमा कर सकेंगे. इसके लिए मतदाता सेवा पोर्टल पर मोबाइल नंबर से लॉग इन कर EPIC यानी वोटर आईडी नंबर या नोटिस रेफरेंस नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है. पंजीकृत मोबाइल नंबर पर OTP के जरिए सत्यापन के बाद दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा होगी.
30 सितंबर तक दावे और आपत्तियां
SIR के तहत प्रारूप मतदाता सूची 31 अगस्त को प्रकाशित की गई थी. मतदाता 30 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दाखिल कर सकते हैं. नोटिस और उनके निपटारे की प्रक्रिया 29 अक्टूबर तक चलेगी. इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को प्रकाशित किए जाने का कार्यक्रम है.
जिन पात्र लोगों के नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं हैं, वे नाम शामिल कराने के लिए Form 6 के जरिए आवेदन कर सकते हैं. 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोग भी निर्धारित घोषणा के साथ पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे.
