महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस ने भिवंडी की स्थानीय अदालत में करीब 3,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. चार्जशीट के मुताबिक, आगरा की एक प्रिंटिंग प्रेस से प्रश्नपत्रों के चार सेट जूतों के सोल में छिपाकर बाहर निकाले गए थे. इस मामले में मास्टरमाइंड बताए गए बिजेंद्र गुप्ता समेत 18 लोगों को आरोपी बनाया गया है.

पुलिस के अनुसार, 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अशोक साव और प्रकाश मिसाल फरार हैं. आरोप है कि प्रश्नपत्र बाहर निकालने के बदले आरोपियों को ₹8 हजार दिए गए थे. उन्हें आगरा में जमीन के प्लॉट देने का वादा किए जाने की बात भी चार्जशीट में दर्ज है.

प्रिंटिंग प्रेस से ऐसे बाहर निकाले गए पेपर

चार्जशीट के अनुसार, 15 से 17 जून के बीच प्रेस के दो कर्मचारियों और एक पूर्व कर्मचारी ने प्रश्नपत्रों के पन्ने मोड़कर जूतों के सोल में छिपाए. प्रेस में सुरक्षा जांच के दौरान कपड़ों की तलाशी ली जाती थी, लेकिन जूतों की जांच नहीं होती थी. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने इसी कमी का फायदा उठाया और TET के दोनों पेपरों के चारों सेट प्रेस से बाहर ले गए.

मामला तब सामने आया जब पुलिस को सूचना मिली कि तीन लोग भिवंडी के एक व्यक्ति को प्रश्नपत्र बेचने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बाद कोंगांव इलाके में कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा गया. उनके पास से प्रश्नपत्रों के चार सेट मिले. महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों ने इन प्रश्नपत्रों को असली बताया, ऐसा चार्जशीट में कहा गया है.

28 जून को होने वाली परीक्षा से एक दिन पहले पेपर लीक होने के बाद परीक्षा स्थगित कर दी गई थी. मामले की जांच में आगरा स्थित महीम पाटरन प्राइवेट लिमिटेड प्रिंटिंग प्रेस से लीक की बात सामने आई.

TET कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाने के लिए शिक्षक उम्मीदवारों की पात्रता जांचने वाली परीक्षा है. केंद्र और राज्य सरकारें क्रमशः CTET और State TET आयोजित करती हैं.