महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ तीन अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, इन कार्रवाइयों में कुल 47.120 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 23.56 लाख रुपये है. गांजे के साथ नकदी, मोबाइल, स्कूटी और तौलने का सामान भी जब्त किया गया. जब्त संपत्ति की कुल कीमत 27 लाख 54 हजार 690 रुपये बताई गई है.

रेलवे स्टेशन पर पांच आरोपी पकड़े गए

कोमाखान पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन पुरुष और दो महिलाएं रेलवे स्टेशन पर बैग में गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं. मौके पर पहुंची पुलिस ने पांचों को पकड़कर तलाशी ली. उनके पास से 30.160 किलो गांजा, तीन मोबाइल और 5,190 रुपये नकद मिले. बरामद गांजे की कीमत करीब 15.08 लाख रुपये आंकी गई है.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमीत भाई सोलंकी, जितेश भाई सोलंकी, शोभाबेन मकवाना, महेन्द्र सिंह और कांता बाई सोलंकी के रूप में हुई है. सभी गुजरात के भावनगर जिले के निवासी बताए गए हैं. पूछताछ में उन्होंने गांजा ओडिशा के बालीगुड़ा से भावनगर ले जाने की बात कही. इस मामले में 15 लाख 48 हजार 190 रुपये की संपत्ति जब्त की गई.

स्कूटी और घर से गांजा बरामद

खल्लारी पुलिस ने आंवराडबरी के पास नेशनल हाईवे-353 पर एक सुजुकी एक्सेस स्कूटी को रोककर तलाशी ली. स्कूटी में रखी सफेद प्लास्टिक की बोरी से 13 किलो गांजा मिला. पुलिस ने ओडिशा के बलांगीर जिले के तरुण कुमार पोड़ और प्रमोद हंस को गिरफ्तार किया. उनके पास से स्कूटी और दो मोबाइल भी जब्त किए गए. इस कार्रवाई में जब्त संपत्ति की कीमत 7 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है.

पटेवा पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने झलप गांव के टिकरापारा में परसराम यादव के घर की तलाशी ली. पुलिस के अनुसार, वहां बिक्री के लिए रखा 3.960 किलो गांजा, 2 लाख 81 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल, स्टील का तराजू और 20 ग्राम का बाट मिला. इस मामले में परसराम यादव, हीराबाई यादव और बसंत यादव को गिरफ्तार किया गया. जब्त संपत्ति की कुल कीमत 4 लाख 86 हजार 500 रुपये बताई गई है.

पुलिस ने तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है. अधिकारियों के अनुसार, गांजा तस्करी, परिवहन और अवैध बिक्री के खिलाफ ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.