सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में 3.46 हेक्टेयर शासकीय भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आजाद इराकी को गिरफ्तार किया है. साइबर सेल की टीम ने उसे बलरामपुर जिले के कुसमी स्थित उसके ससुराल से पकड़ा. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

यह मामला मैनपाट तहसील के केसरा गांव की जमीन से जुड़ा है. आरोप है कि खसरा नंबर 1378 की सरकारी भूमि को राजस्व अभिलेखों में बदलाव कर निजी व्यक्ति के नाम दर्ज कराया गया. इसके बाद इस जमीन की रजिस्ट्री अन्य लोगों के पक्ष में भी कराए जाने की बात जांच में सामने आई.

मामले की शिकायत भाजपा नेता आलोक दुबे ने सरगुजा जिलाधिकारी से की थी. शिकायत के बाद जिलाधिकारी अजीत वसंत ने मैनपाट तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए. तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए.

राजस्व रिकॉर्ड की जांच में क्या सामने आया

जांच के अनुसार, 1954-55 के अधिकार अभिलेख में अंतिम खसरा संख्या 650 दर्ज थी. वहीं, खसरा संख्या 1378 बाद की 1995-96 की रिनंबरिंग प्रक्रिया में दर्ज हुई. इसी अवधि के बंदोबस्त रिकॉर्ड में यह भूमि शासकीय मद के ‘छोटे झाड़ जंगल’ के रूप में दर्ज बताई गई है.

पुलिस ने विजय सिंह, दिलीप चिकवा, तुलेश्वर गुप्ता, आजाद इराकी और अनुपम कुमार सिंह के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया था. आरोप है कि विजय सिंह के मुख्तार आम दिलीप चिकवा और तुलेश्वर गुप्ता के जरिए जमीन की रजिस्ट्री आजाद इराकी और अनुपम कुमार सिंह के नाम कराई गई. पुलिस अब मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.