मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने नई दिल्ली में आयोजित BRICS गाला डिनर के दौरान किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाया. यह रात्रिभोज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में भारत मंडपम में आयोजित किया गया था.

इब्राहिम ने अपनी प्रस्तुति का वीडियो X अकाउंट पर साझा किया. वीडियो में वह गीत गाते नजर आते हैं, जबकि एक पियानोवादक उनके साथ धुन बजा रहा है.

किशोर कुमार का यह गीत 1965 में रिलीज हुई हिंदी फिल्म ‘तीन देवियां’ का है. गीत को किशोर कुमार ने आवाज दी थी. इसका संगीत एसडी बर्मन ने तैयार किया था और बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे.

इब्राहिम पहले भी किशोर कुमार के प्रति अपनी प्रशंसा सार्वजनिक रूप से जाहिर कर चुके हैं. 2024 में भारत में दिए एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यही गीत गाया था.

मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक

BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की. बातचीत के दौरान उन्होंने मोदी की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें भारतीय प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान व्यक्त करने वाले बहुत सारे संदेश मिले हैं.