कुआलालंपुर स्थित भारतीय हाई कमीशन ने भारतीय नागरिकों को मलेशिया की 30 दिन की वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा का इस्तेमाल नौकरी तलाशने के लिए नहीं करने की सलाह दी है. 22 सितंबर को जारी परामर्श में एजेंसियों और बिचौलियों के उन दावों से सावधान रहने को कहा गया है, जो इस सुविधा के तहत मलेशिया ले जाकर नौकरी दिलाने का वादा करते हैं.
हाई कमीशन के अनुसार, मलेशिया पहुंचकर वीजा-मुक्त प्रवेश के आधार पर रोजगार करना वहां के आव्रजन नियमों का उल्लंघन है. ऐसे मामलों में हिरासत, कानूनी कार्रवाई और अन्य आव्रजन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं. परामर्श में कहा गया है कि भारतीय नागरिकों के ऐसे मामलों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई है, जिनमें लोग नौकरी की तलाश के इरादे से वीजा-मुक्त सुविधा के तहत मलेशिया पहुंचे.
नौकरी के लिए जरूरी दस्तावेज
मलेशिया में काम के लिए जाने वाले भारतीय नागरिकों से हाई कमीशन ने वैध वर्क परमिट या वीजा विद रेफरेंस (VDR) समेत आवश्यक दस्तावेज सुनिश्चित करने को कहा है. गलत एजेंटों के झूठे वादों पर भरोसा करने से व्यक्ति ओवरस्टे, अवैध आव्रजन स्थिति और शोषण के जोखिम में पड़ सकता है.
वास्तविक पर्यटकों और सामाजिक यात्रा पर जाने वाले लोगों को वैध यात्रा दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी गई है. इनमें कन्फर्म रिटर्न टिकट और होटल बुकिंग शामिल हैं. यात्रियों को मलेशिया पहुंचने से तीन दिन पहले Malaysia Digital Arrival Card (MDAC) जमा करना होगा. साथ ही, पासपोर्ट की वैधता कम से कम छह महीने की होनी चाहिए.
हाई कमीशन ने स्पष्ट किया है कि 30 दिन की वीजा-मुक्त सुविधा का उद्देश्य केवल पर्यटन और सामाजिक यात्राएं हैं, रोजगार नहीं.
