नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की दीपावली शुभकामना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. खरगे ने दीपावली को देशभर में मनाया जाने वाला बड़ा त्योहार बताते हुए इसे ‘खुशियों की ईद’ कहा और लोगों से शांति, एकता तथा सामाजिक मतभेद दूर करने की अपील की.
खरगे के इस बयान पर भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई. भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदू त्योहार की पहचान और भावनाओं को कमजोर कर तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है. भाजपा प्रवक्ताओं ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस ईद को भी ‘खुशियों की दिवाली’ कहेगी.
कांग्रेस ने दी सफाई
कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने कहा कि खरगे ने ‘ईद’ शब्द का इस्तेमाल उसके व्यापक अर्थ में खुशी और उत्सव के रूपक के तौर पर किया था. उनके मुताबिक, बयान का उद्देश्य विभिन्न समुदायों के बीच एकता, आपसी सम्मान और राष्ट्रीय सद्भाव का संदेश देना था.
भाजपा प्रवक्ता सीआर केसवन और प्रदीप भंडारी ने इसे धार्मिक तुष्टीकरण से जोड़ते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा. एआईएमआईएम प्रवक्ता वारिस पठान ने भी खरगे की टिप्पणी को राजनीतिक रणनीति बताया. विवाद ऐसे समय सामने आया है जब उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं.
