तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी के दिल्ली पहुंचने के बाद INDIA ब्लॉक की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्रस्तावित मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है. विपक्षी गठबंधन ने निर्वाचन आयोग के कामकाज और SIR प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विपक्षी दलों ने 7 से 9 अक्टूबर के बीच किसी भी दिन मुलाकात का अनुरोध किया है. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार बुधवार रात तक राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से मुलाकात की तारीख की पुष्टि नहीं हुई थी.

राष्ट्रपति सचिवालय ने प्रतिनिधिमंडल में नेताओं की संख्या 10 तक सीमित रखने को कहा था. इसके बाद INDIA ब्लॉक ने इस अनुरोध पर सहमति जताई और प्रतिनिधिमंडल को 10 सदस्यों तक सीमित करने की बात स्वीकार की.

राष्ट्रपति से संपर्क करने का निर्णय 30 सितंबर को हुई INDIA ब्लॉक की बैठक में लिया गया था. विपक्षी दल SIR प्रक्रिया, मतदाता सूची और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों को राष्ट्रपति के सामने उठाना चाहते हैं.

जॉन ब्रिटास ने संवैधानिक हस्तक्षेप की मांग की

इसी बीच, CPI(M) के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास ने निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता, मतदाता सूचियों और लोकतांत्रिक मताधिकार की रक्षा के लिए संवैधानिक हस्तक्षेप की मांग वाली अपनी याचिका के संबंध में जानकारी साझा की है.

उन्हें राष्ट्रपति भवन से मिले जवाब में बताया गया कि याचिका पर विधायी विभाग को विचार करना है और कार्रवाई की जानकारी सीधे याचिकाकर्ता को देनी है.

23 सितंबर की अपनी याचिका में ब्रिटास ने राज्यसभा में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने से संबंधित लंबित नोटिस का भी उल्लेख किया था. उन्होंने कहा था कि 24 अप्रैल 2026 को 73 सांसदों के हस्ताक्षर वाला नया नोटिस पेश किया गया, जिसमें कथित सिद्ध कदाचार के आधार पर हटाने की संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया का हवाला दिया गया है.

ब्रिटास ने राष्ट्रपति से अनुच्छेद 324(5) के तहत संवैधानिक प्रक्रिया को आगे बढ़ने देने और मताधिकार की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.