केंद्र सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी मंदीप भंडारी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है. भंडारी 2001 बैच के AGMUT कैडर के अधिकारी हैं. नियुक्ति से पहले वह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के तौर पर काम कर रहे थे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले चार महीनों में CBSE के चेयरपर्सन पद पर यह तीसरी नियुक्ति है. मई तक राहुल सिंह इस पद पर थे. 2 जून को उन्हें हटाए जाने के बाद IAS अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था.

यह बदलाव CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) व्यवस्था को लेकर उठे विवाद की पृष्ठभूमि में हुआ है. 13 मई को जारी कक्षा 12 के परिणामों के बाद कुछ छात्रों ने अंकों को लेकर शिकायतें की थीं. उस वर्ष पहली बार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कंप्यूटर स्क्रीन पर किए जाने की बात सामने आई थी और मामले की जांच शुरू हुई थी.

दिल्ली के छात्र वेदांत श्रीवास्तव ने भौतिकी में मिले 65 अंकों पर सवाल उठाया था. री-इवैल्यूएशन में कथित गड़बड़ी सामने आने के बाद बोर्ड ने उनसे माफी मांगी थी. वहीं, रांची के छात्र सार्थक सिद्धांत ने CBSE से जुड़े 576 दस्तावेजों का अध्ययन कर टेंडर में गड़बड़ी का दावा किया था.