कर्नाटक के मंड्या जिले में बुधवार, 9 सितंबर 2026 को एक KSRTC बस लोहे की सरियों से लदे ट्रैक्टर से टकरा गई. हादसा नागमंगला तालुक में वराहसंद्रा गेट के पास हुआ. टक्कर के बाद ट्रैक्टर पर रखी लोहे की सरियां बस के अगले हिस्से को चीरते हुए अंदर घुस गईं, जिससे बस ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक ड्राइवर की पहचान शेखर के रूप में हुई है. वह हासन जिले का रहने वाला था. हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हुए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज बेल्लूर स्थित AIIMS में चल रहा है.
टक्कर के बाद बस में घुस गईं लोहे की सरियां
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, KSRTC बस ने नागमंगला क्षेत्र में ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मारी. टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर पर लदी लंबी लोहे की सरियां बस के शीशे और अगले हिस्से को पार करती हुई अंदर घुस गईं. घटनास्थल की तस्वीरों में बस के सामने का शीशा टूटा हुआ और कई सरियां वाहन के भीतर तक पहुंची हुई दिखाई दे रही हैं.
एक लोहे की छड़ ड्राइवर के शरीर में जा धंसी, जिसके बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे में ट्रैक्टर का अगला हिस्सा भी पलट गया.
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की. घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. घटना बेल्लूर पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में हुई है.
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल दुर्घटना की परिस्थितियों और टक्कर के सटीक कारणों को लेकर आधिकारिक जांच जारी है.
