कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने पाकिस्तान के साथ बातचीत फिर शुरू करने की वकालत की है. श्रीनगर में आयोजित 5वें ‘हल्ला बोल’ कॉन्क्लेव में उन्होंने केंद्र सरकार की पाकिस्तान नीति की आलोचना करते हुए कहा कि मुद्दों के समाधान के लिए बातचीत की इच्छाशक्ति होनी चाहिए.
अय्यर ने कहा कि सरकार में सर्जिकल स्ट्राइक करने की हिम्मत तो है, लेकिन मुद्दों को सुलझाने की इच्छाशक्ति नहीं दिखती. उन्होंने सवाल किया कि भारत और पाकिस्तान बातचीत या दोस्ती की दिशा में कदम क्यों नहीं बढ़ा सकते.
अटारी-वाघा पर बैठक का प्रस्ताव
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अटारी-वाघा सीमा पर दोनों देशों के प्रतिनिधियों की बैठक का सुझाव दिया. उनके अनुसार, सीमा रेखा पर एक मेज लगाकर वार्ता की जा सकती है, ताकि पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान से बाहर न जाए और भारतीय प्रतिनिधि भारत से बाहर न जाएं.
अय्यर ने कहा कि बातचीत की प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए. उनके प्रस्ताव के मुताबिक, जिन मुद्दों पर सहमति बन सके उन पर कार्रवाई की जाए, जबकि जिन विषयों पर तत्काल समाधान न निकले उन्हें फिलहाल टालकर संवाद बनाए रखा जाए.
उन्होंने यह भी कहा कि परिस्थितियां बदलने पर शेष विवादित मुद्दों पर फिर चर्चा की जा सकती है. अय्यर का यह बयान भारत-पाकिस्तान संबंधों और दोनों देशों के बीच संवाद की संभावनाओं पर चल रही राजनीतिक बहस के बीच आया है.
