मणिपुर में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत 11 नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं. अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, सुरक्षा योजना, आबकारी, परिवहन, चुनाव खर्च और तकनीकी प्रबंधन समेत अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
वरिष्ठ IPS अधिकारी कामेई अंगम रोमानस को कानून-व्यवस्था और सुरक्षा योजना की जिम्मेदारी दी गई है. IAS अधिकारी हंग्यो वोरशांग आबकारी से जुड़े मामलों की निगरानी करेंगे. कोंसम बिंकु चुनाव खर्च की मॉनिटरिंग और खुमान्थेम डायना देवी परिवहन प्रबंधन संभालेंगी.
अन्य अधिकारियों को कंप्यूटरीकरण, साइबर सिक्योरिटी, संचार योजना, चुनाव पर्यवेक्षकों के साथ समन्वय और चुनाव प्रबंधन से जुड़े दूसरे कार्य सौंपे गए हैं. ये नियुक्तियां मणिपुर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अधिसूचना के तहत की गई हैं और सितंबर में निर्वाचन आयोग की ओर से दिए गए मार्गदर्शन के बाद हुई हैं.
फरवरी-मार्च 2027 में चुनाव की संभावना
मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है. ऐसे में राज्य में विधानसभा चुनाव फरवरी या मार्च 2027 में होने की संभावना है. निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम ने पिछले सप्ताह इंफाल का दौरा कर राज्य के सभी 16 जिलों में चुनावी तैयारियों का जायजा लिया था.
तैयारियों के तहत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और VVPAT इकाइयों की प्रथम-स्तरीय जांच से जुड़ी कार्यशाला भी आयोजित की गई.
