मणिपुर के कामजोंग जिले के चस्साद गांव में शनिवार को कुकी और नगा समुदायों से जुड़े हथियारबंद समूहों के बीच गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी दोपहर करीब 2:30 बजे शुरू हुई और शाम तक जारी रही.
घायलों में गांव के मुखिया थंगजाहौ हाओकिप के अलावा खाइलुन हाओकिप, सेइखोहौ हाओकिप, हेगिन हाओकिप और सेइपाओ हाओकिप शामिल हैं. असम राइफल्स के जवानों ने उन्हें निकालकर अर्धसैनिक बल के अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान सेइखोहौ हाओकिप की मौत हो गई. बाकी घायलों का इलाज जारी है.
स्थानीय लोगों ने हमले के पीछे नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड-इसाक मुइवा (NSCN-IM) और म्यांमार के तांगखुल उग्रवादियों का हाथ होने का आरोप लगाया है. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. सरकार की ओर से भी इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
कई जिलों तक फैली हिंसा
कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (CoTU) ने चस्साद गांव पर हुए हमले की निंदा की और राज्य सरकार से इलाके में केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फरवरी में हिंसा दोबारा शुरू होने के बाद से उखरुल, कामजोंग, कांगपोकपी, तामेंगलांग और नोनी समेत कई जिलों में घटनाएं हुई हैं. कुकी और नगा समुदाय एक-दूसरे पर उग्रवादियों को पनाह देने और इलाके में वर्चस्व कायम करने के आरोप लगाते रहे हैं. इस अवधि में 50 से अधिक नागरिकों की मौत और कई घरों में आगजनी की खबरें सामने आई हैं.
इससे पहले मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा में 300 से अधिक लोगों की मौत, 49 लोगों के लापता होने और हजारों लोगों के विस्थापित होने की जानकारी सामने आई थी.
