मणिपुर में जातीय हिंसा के बीच सभी सशस्त्र समूहों के पूर्ण और एकसाथ निरस्त्रीकरण की मांग तेज हो गई है. BJP विधायक राजकुमार इमो सिंह ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को पत्र भेजकर ‘ऑपरेशन मणिपुर’ नाम से समयबद्ध सुरक्षा और स्थिरीकरण पहल शुरू करने का सुझाव दिया है.

इमो सिंह के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद करना, गैरकानूनी सशस्त्र नेटवर्क को खत्म करना और नागरिकों के खिलाफ हत्या तथा गंभीर अपराधों में शामिल लोगों पर कार्रवाई करना होना चाहिए. उन्होंने कहा कि कार्रवाई समुदाय, पहचान या संबद्धता के आधार पर भेदभाव के बिना होनी चाहिए.

पत्र में विस्थापित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास, सामान्य नागरिक जीवन की बहाली और जरूरी बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया है. विधायक ने Suspension of Operations समझौते के नियमों के कड़ाई से पालन और उल्लंघन करने वाले समूहों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

मणिपुर में 2023 से जारी मैतेई-कुकी हिंसा में 260 से अधिक लोगों की मौत का उल्लेख किया गया है. हाल में नागा-कुकी झड़पों में भी हत्याओं की खबरें सामने आई हैं.