सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर के राहत शिविरों में हुई संदिग्ध मौतों और यौन उत्पीड़न के मामलों पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है. अदालत ने मणिपुर के मुख्य सचिव को 25 संदिग्ध मौतों पर रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है. रिपोर्ट में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौत के कारणों से जुड़े दस्तावेज शामिल करने को कहा गया है.
सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने राज्य के एडवोकेट जनरल से कहा कि सरकार अदालत को आदेश देने के लिए मजबूर न करे और यह बताए कि मौतों के मामलों में अब तक क्या कदम उठाए गए हैं. अदालत ने 4 जुलाई को पूर्व जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा मांगी गई जानकारी पर हुई कार्रवाई का ब्योरा भी पूछा.
640 मौतों में 20 पोस्टमार्टम पर सवाल
अदालत के आदेश में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, मणिपुर के 8 जिलों के राहत शिविरों में 640 मौतें दर्ज की गई हैं. इनमें सिर्फ 20 मामलों में पोस्टमार्टम कराया गया. अदालत ने सवाल किया कि आपराधिक मामले दर्ज होने के बावजूद बाकी मामलों में पोस्टमार्टम क्यों नहीं कराया गया. कई मामलों में 20 हजार से 30 हजार रुपये के मुआवजे पर भी अदालत ने सवाल उठाया.
सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर लीगल सर्विसेज अथॉरिटी को तत्काल कार्रवाई करने और सभी संदिग्ध मौतों में FIR दर्ज कराने का निर्देश दिया. अदालत ने मौत के कारणों की उचित जांच सुनिश्चित करने को भी कहा.
सुनवाई में अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने बताया कि 8 जिलों में 42 स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई हैं. उनके मुताबिक, 3,020 मामलों की जांच चल रही है. इनमें 302 मामलों में चार्जशीट, 1,583 मामलों में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल हो चुकी है, जबकि 1,135 मामलों की जांच जारी है. 33 मामलों में ट्रायल शुरू होने की जानकारी भी अदालत को दी गई.
