मणिपुर में संवेदनशील इलाकों के बीच केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने सुरक्षा और गश्त बढ़ा दी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार को चुराचांदपुर-मोइरांग-काकचिंग-थौबल-इंफाल-बिष्णुपुर मार्ग पर बख्तरबंद वाहनों के साथ गश्त की गई. जवानों ने ग्रामीण इलाकों में स्थानीय लोगों से भी बातचीत की.
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए CoBRA की 207वीं और 210वीं बटालियन को राज्य के कठिन भूभाग वाले इलाकों में तैनात किया गया है. इन इकाइयों को जंगल युद्ध और उग्रवाद-रोधी अभियानों का प्रशिक्षण प्राप्त है. उनकी जिम्मेदारियों में खुफिया जानकारी के आधार पर तलाशी, क्षेत्र-प्रभुत्व अभियान, अवैध हथियारों की बरामदगी और सशस्त्र समूहों के बनाए ठिकानों को हटाना शामिल है.
रिपोर्ट के मुताबिक, कांगपोकपी जिले के लीमाखोंग इलाके में जून में 30 कथित उग्रवादी बंकर ध्वस्त किए गए थे. 20 से 22 जून के बीच कांगपोकपी और चुराचांदपुर में संयुक्त अभियान के दौरान 36 हथियार बरामद किए गए. उखरुल जिले में भी 12 मजबूत बंकर हटाए गए.
CRPF ने मणिपुर में करीब 100 बख्तरबंद वाहन तैनात किए हैं. राज्य में मई 2023 से जारी जातीय हिंसा के बीच सुरक्षा एजेंसियों का जोर सशस्त्र समूहों की आवाजाही रोकने और नए तनाव को बढ़ने से रोकने पर है.
