मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध मिलावटी या जहरीली शराब पीने के बाद कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 181 लोगों का इम्फाल के दो अस्पतालों में इलाज चल रहा है. प्रभावित लोगों को चाकपीकरोंग और आसपास के इलाकों से अस्पतालों में लाया गया है.
जिला प्रशासन के अनुसार, मौतों का सटीक कारण अभी चिकित्सकीय और वैज्ञानिक जांच का विषय है. अधिकारियों ने लोगों से स्थानीय स्तर पर बनी शराब या संदिग्ध स्रोत से मिलने वाले मादक पेय से दूर रहने की अपील की है.
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इम्फाल के Shija Hospitals and Research Institute और Babina Hospital का दौरा कर मरीजों की स्थिति जानी. उन्होंने अधिकारियों को मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया है.
सरकार ने चंदेल में सामान्य चिकित्सा विशेषज्ञों और आवश्यक दवाओं वाली एक मेडिकल टीम भेजी है. प्रशासन ने कहा है कि शराब पीने के बाद उल्टी, पेट दर्द, सिरदर्द, चक्कर, धुंधला दिखना या सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत चिकित्सा सहायता लें.
