मणिपुर में सोमवार सुबह पहाड़ियों पर लकड़ी लेने गए एक समूह पर संदिग्ध उग्रवादियों ने गोलीबारी कर दी. अधिकारियों के मुताबिक, हमले में दो लोगों की मौत हुई, चार घायल हैं और तीन लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.
घटना कांगपोकपी जिले के खोंगबाल सुनुरोक उयोक इलाके में हुई, जो इम्फाल ईस्ट जिले के नोंगशुम गांव के पास है. अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब सात बजे 16 लोग लकड़ी लेने पहाड़ियों पर गए थे. इसी दौरान उन पर घात लगाकर हमला किया गया.
मृतकों की पहचान अरुबाम रोनिल (35) और लैरेनलकपम इनाओबी (51) के रूप में बताई गई है. घायलों में क्ष देवन भी शामिल हैं. अधिकारियों ने उनकी हालत गंभीर बताई है.
मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन
घटना के बाद स्थानीय लोग दोनों शवों को इम्फाल ले आए और बाबूपारा स्थित मुख्यमंत्री आवास के मुख्य गेट के बाहर रखकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मई 2023 से जारी राज्य हिंसा के विरोध में रोष जताया.
पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के कई गोले छोड़े. इसके बाद शवों को जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ले जाया गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह आवास पर मौजूद थे या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो सका था.
