मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को दो चार पहिया वाहनों पर गोलीबारी की घटना में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, हमला इम्फाल-उखरुल रोड के न्यू हेवन इलाके में हुआ.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हथियारबंद हमलावरों ने दोनों वाहनों को निशाना बनाया. दोनों गाड़ियों में सवार दो पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई. वाहनों की विंडशील्ड पर गोलियों के निशान मिले हैं. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बताई गई है.
यह वारदात कांगपोकपी के ताफोउ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास हुई गोलीबारी के एक दिन बाद हुई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उस घटना में 42 वर्षीय एक कुकी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि दो पुरुष घायल हुए थे.
मणिपुर में जारी हिंसा
मणिपुर में मई 2023 में घाटी के मैतेई और पहाड़ी इलाकों के कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू हुआ था. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हुई है और 49 लोग अब भी लापता हैं. हिंसा के कारण हजारों लोग बेघर हुए हैं.
इसके अलावा, इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नागा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी गई है.
