मणिपुर में सोमवार को लकड़ी बीनने गए लोगों के एक समूह पर संदिग्ध हथियारबंद हमलावरों ने गोलीबारी कर दी. घटना इम्फाल ईस्ट और कांगपोकपी जिलों की सीमा के पास हुई. अधिकारियों के अनुसार, हमले में तीन लोगों की मौत हुई और तीन अन्य घायल हैं. तीन लोगों के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है.
मृतकों की पहचान अरुबाम रोनिल, लैरेनलकपम इनाओबी और क्षेत्रीमायुम सुशील के रूप में बताई गई है. रिपोर्टों के अनुसार, रोनिल और इनाओबी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुशील ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद स्थानीय लोग शवों को इम्फाल ले गए और मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह के सरकारी आवास के बाहर रखकर विरोध जताया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े. बाद में शवों को जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की मोर्चरी भेज दिया गया. हमले के जिम्मेदार लोगों की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है.
