मणिपुर में 19 अक्टूबर को सुनीलोक हिल इलाके में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई थी और तीन अन्य घायल हुए थे. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने 12 आग्नेयास्त्र, 1,095 राउंड गोलियां और कई तरह के विस्फोटक बरामद किए.
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) लहरी दोर्जी ल्हातू के अनुसार, हथियारों की बरामदगी आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई. बरामद हथियारों में INSAS, M16, AK-47/Type-81 और स्नाइपर राइफल के अलावा 12-बोर बंदूकें, एक रॉकेट लॉन्चर और अन्य हथियार शामिल हैं. पुलिस ने TNT स्लैब, बारूद, हथगोले, स्थानीय बम, मोर्टार और डेटोनेटर भी जब्त किए हैं.
सिनाई कैंप के आसपास चलाए गए अलग अभियान में 17 लोगों को पहचान सत्यापन के लिए हिरासत में लिया गया. पुलिस ने बताया कि कैंप से कुछ गोला-बारूद और मैगजीन गायब होने की भी जांच की जा रही है.
खांगाबोक-संगाईयुम्फाम इलाके में 146 घरों की तलाशी के दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से दो को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने लोगों से अफवाहों और भड़काऊ सोशल मीडिया सामग्री से बचने की अपील की है.
