मुंबई पुलिस ने मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे को 19 सितंबर से आजाद मैदान में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया है. पुलिस ने यह फैसला गणेशोत्सव के दौरान संभावित सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए लिया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आजाद मैदान पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक राजा बिडकर ने जरांगे-पाटील की टीम के औपचारिक अनुरोध पर छह पन्नों का अस्वीकृति पत्र जारी किया. गणेशोत्सव 14 से 25 सितंबर तक मनाया जाना है.

जरांगे ने अनुमति नहीं मिलने के बावजूद 15 सितंबर से मुंबई की ओर मार्च शुरू करने की बात दोहराई है. उनके घोषित कार्यक्रम के अनुसार, वे 19 सितंबर को मुंबई के आजाद मैदान में मराठा समुदाय के लिए नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करना चाहते हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जरांगे ने अनुमति खारिज होने के विरोध में चिकित्सा उपचार और तरल पदार्थ लेना बंद करने की चेतावनी भी दी है. हालांकि, पुलिस की ओर से अनुमति न दिए जाने के बाद प्रस्तावित मार्च और अनशन का अगला स्वरूप स्पष्ट नहीं है.