देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. उत्तर प्रदेश के मेरठ और बरेली समेत आठ शहरों में शुक्रवार को तेज बारिश के साथ ओले गिरे. लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार 11वें दिन बढ़ा. फैजुल्लागंज इलाके में 40 हजार से अधिक घर आधे से ज्यादा पानी में डूबे बताए गए हैं और तीन लाख से अधिक लोगों के प्रभावित होने की जानकारी है.
बिहार में मानसून की वापसी के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है. राज्य के 18 जिलों के लिए बारिश, आंधी और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.
उत्तराखंड के सभी जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है. शुक्रवार को छह जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे. चमोली और पिथौरागढ़ में बर्फबारी जारी है. देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया गया है.
राजस्थान के तीन जिलों में 10 और 11 अक्टूबर को आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 अक्टूबर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा. इसके प्रभाव से बीकानेर समेत तीन जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है.
