गोवा के उत्तरी जिले के मापुसा में तीन साल की बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, बच्ची रविवार शाम टैक्सी स्टैंड के पास एक जर्जर इमारत के बाहर रोती हुई मिली.
एक राहगीर ने बच्ची को देखा और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी. बताया गया है कि बच्ची का परिवार गुब्बारे बेचता है और वह दिवाली के लिए परिवार के साथ बाजार आई थी.
पुलिस ने बच्ची को पहले मापुसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया. इसके बाद उसे गोवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. अधिकारियों के मुताबिक, बच्ची की हालत अब स्थिर है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी की पहचान अभी सामने नहीं आई है. उसकी तलाश के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. मामले की जांच जारी है.
