मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है. 33 फिल्मों की दौड़ में शामिल इस फिल्म ने रणवीर सिंह अभिनीत ‘धुरंधर’ समेत अन्य दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए चयनित फिल्मों में जगह बनाई.

संतोष दवाकर के निर्देशन में बनी ‘गोंधल’ महाराष्ट्र की लोक परंपरा पर आधारित है. फिल्म में आस्था, संस्कृति और सामाजिक वास्तविकताओं को क्षेत्रीय परिवेश के साथ प्रस्तुत किया गया है. भारत की आधिकारिक एंट्री चुने जाने के बाद फिल्म की अंतरराष्ट्रीय यात्रा के अगले चरण की तैयारी शुरू हो गई है.

ऑस्कर कैंपेन की तैयारी पहले से शुरू

निर्देशक संतोष दवाकर ने एक इंटरव्यू में कहा कि टीम ने ऑस्कर कैंपेन की तैयारी चयन की घोषणा से पहले ही शुरू कर दी थी. उनके मुताबिक, टीम को अपनी फिल्म के चयन का भरोसा था और वह इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की योजना पर काम कर रही थी. उन्होंने भारत सरकार, फेडरेशन ऑफ इंडिया और चयन करने वाली ज्यूरी का आभार जताया.

दवाकर ने बताया कि टीम ने लॉस एंजिल्स में एक पीआर एजेंसी को जोड़ा है. उनके अनुसार, इस टीम ने पिछले 20 वर्षों में करीब 27 ऑस्कर नॉमिनेशन पर काम किया है. फिल्म के सोशल मीडिया कैंपेन के लिए फिनलैंड की एक टीम भी शामिल की गई है.

निर्देशक के मुताबिक, फिल्म का अंतरराष्ट्रीय प्रचार अगले महीने से शुरू किया जाएगा. टीम का लक्ष्य ‘गोंधल’ को ज्यादा से ज्यादा वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत की आधिकारिक एंट्री बनना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, जबकि ऑस्कर के अंतिम चरण तक पहुंचना उससे भी बड़ा मुकाम होगा.

मराठी संस्कृति को वैश्विक मंच पर ले जाने की कोशिश

दवाकर ने फिल्म के चयन को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि मराठी सिनेमा और महाराष्ट्र की संस्कृति के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर बताया. उनका कहना है कि भारत की पहचान को केवल गरीबी या जातिवाद जैसे मुद्दों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए; भारतीय संस्कृति और विरासत को अच्छे सिनेमा के जरिए दुनिया के सामने रखा जाना चाहिए.

उन्होंने बताया कि 2016 में उन्हें अपनी फिल्म को कान्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाने का अनुभव मिला था. ‘गोंधल’ के जरिए वह महाराष्ट्र की लोक परंपरा और भारत की सांस्कृतिक विविधता को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं. हालांकि ऑस्कर की अंतिम दौड़ में फिल्म का आगे का सफर अभी बाकी है.