अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की कार्यक्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यह भारत और पाकिस्तान जैसे संघर्षों को सुलझाने में नाकाम साबित हो रही है. उनकी यह टिप्पणी संयुक्त राष्ट्र महासभा की हाई लेवल मीटिंग के दौरान प्रेस से बातचीत में सामने आई.
रुबियो ने कहा कि दुनिया के पास ऐसी प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था होनी चाहिए, जो वैश्विक स्तर पर होने वाले टकरावों को रोक सके और उनका समाधान करा सके. उनके मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र जैसी संस्थाओं में काफी संभावनाएं हैं, लेकिन वे अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर पा रही हैं.
यूएन की भूमिका पर भी टिप्पणी
अमेरिकी विदेश मंत्री ने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था अपने मूल उद्देश्य और तय भूमिका से आगे निकलकर कई ऐसे मामलों में उलझ गई है, जिनमें उसे शामिल नहीं होना चाहिए था. उन्होंने कहा कि इसी वजह से यह दुनिया के बड़े संघर्षों को सुलझाने में असमर्थ दिखाई दे रही है.
रुबियो ने मौजूदा व्यवस्था को उसके सही फोकस और भूमिका में वापस लाने की जरूरत बताई. उन्होंने थाईलैंड-कंबोडिया के बीच संघर्ष और भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले विवादों का उदाहरण देते हुए कहा कि फिलहाल कोई प्रभावी अंतरराष्ट्रीय सिस्टम मौजूद नहीं दिखता, जो ऐसे मामलों का समाधान कर सके.
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में संप्रभु देश अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर फैसले लेंगे. रुबियो के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में अमेरिका अपनी नीतियों में राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देगा.
ये बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संयुक्त राष्ट्र महासभा में संबोधन के एक दिन बाद आए. ट्रंप ने अपने भाषण में भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले साल हुए संघर्ष को सुलझाने का दावा किया था. भारत का आधिकारिक रुख रहा है कि दोनों देशों के बीच युद्धविराम सीधे सैन्य संपर्क का परिणाम था और इसमें किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता नहीं थी.
