अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था दुनिया के बड़े संघर्षों से निपटने में प्रभावी नहीं है. न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कई नेता इस बात पर सहमत हैं कि अंतरराष्ट्रीय तंत्र ठीक से काम नहीं कर रहा.

रूबियो ने संयुक्त राष्ट्र जैसी संस्थाओं की उपयोगिता को स्वीकार करते हुए कहा कि यह व्यवस्था अपनी मूल भूमिका और उद्देश्य से आगे बढ़ गई है. उनके मुताबिक, इसका परिणाम यह है कि दुनिया के लगभग किसी भी बड़े संघर्ष का समाधान नहीं हो पा रहा.

उन्होंने थाईलैंड-कंबोडिया के बीच संघर्ष और भारत-पाकिस्तान के बीच संभावित तनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि इन स्थितियों से निपटने के लिए फिलहाल कोई प्रभावी अंतरराष्ट्रीय तंत्र नजर नहीं आता. उन्होंने कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, सूडान और रवांडा के संकटों का भी उल्लेख किया.

रूबियो ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के अभाव में अमेरिका अपनी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के आधार पर कदम उठाएगा और अमेरिकी हितों को अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था से ऊपर रखेगा.