अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 20 अक्टूबर से भारत के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे. यह 2026 में उनकी दूसरी भारत यात्रा होगी. दौरे के दौरान वह मुंबई और गुजरात के जामनगर जाएंगे.
मुंबई में रुबियो विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. विदेश मंत्रालय के अनुसार, वार्ता में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, रक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती तकनीक के साथ क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.
रुबियो मुंबई स्थित ताज मेमोरियल पर 26/11 आतंकी हमले के पीड़ितों की स्मृति में पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे. नवंबर 2008 के हमलों में 160 से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जिनमें छह अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे.
उनके कार्यक्रम में मुंबई में अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ से जुड़े एक समारोह में शामिल होना भी है. इसके बाद 21 अक्टूबर को रुबियो के जामनगर जाने का कार्यक्रम है. भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर भी बातचीत होगी.
