गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही नगर पंचायत क्षेत्र में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई की. मुख्य बाजार में दुर्गा समिति के पंडाल के सामने स्थित जमीन पर बनाए गए टीन शेड, बाउंड्री और घेरे को बुलडोजर की मदद से हटाया गया.

प्रशासन के अनुसार, खसरा नंबर 368/1 की रास्ता मद की करीब तीन डिसमिल शासकीय भूमि पर दुकान और घेरा तैयार किया गया था. इस मामले की सुनवाई तहसीलदार और एसडीएम न्यायालय में चल रही थी. मामले में पहले स्थगन आदेश भी लागू था.

कुछ दिन पहले एसडीएम मरवाही ने स्थगन आदेश हटा दिया. इसके बाद कब्जाधारी को नियमानुसार नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था. प्रशासन का कहना है कि नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके बाद शासकीय भूमि को मुक्त कराने के लिए यह कार्रवाई की गई.

तहसीलदार मरवाही अविनाश कुजूर की मौजूदगी में राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. टीम ने कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि पर बने निर्माण और घेराव को हटाया.

कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई. कुछ लोगों ने विरोध और हंगामे का प्रयास किया, लेकिन पुलिस तथा प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही और जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया.