गणेशोत्सव में उकड़िचे मोदक भगवान गणेश को भोग के रूप में चढ़ाए जाते हैं. पारंपरिक मोदक में नारियल और गुड़ की भरावन होती है, लेकिन इस रेसिपी में चावल के आटे की बाहरी परत के साथ खोया, मेवे और केसर की स्टफिंग तैयार की जाती है.
सामग्री
बाहरी परत के लिए 1 कप चावल का आटा, 1.25 कप पानी, 1 छोटा चम्मच देसी घी, 1 चुटकी नमक, 2 बड़े चम्मच दूध और 8 से 10 केसर के धागे चाहिए.
भरावन के लिए 1 कप खोया, आधा कप पिसी चीनी या तगार, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 1 चुटकी जायफल पाउडर, 2 बड़े चम्मच कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल, 2 बड़े चम्मच बारीक कटे काजू-बादाम-पिस्ता और 8 से 10 केसर के धागे लें. केसर को पानी या दूध में भिगोकर इस्तेमाल करें.
बनाने का तरीका
सबसे पहले पैन में खोया डालकर धीमी आंच पर 3 से 4 मिनट हल्का गुलाबी होने तक भूनें. इसमें कटे मेवे, सूखा नारियल, केसर वाला दूध, जायफल और इलायची डालकर मिलाएं और गैस बंद कर दें. मिश्रण हल्का ठंडा होने पर पिसी चीनी मिलाकर अलग रख दें.
अब एक बर्तन में पानी, दूध, नमक, केसर का पानी और घी डालकर उबालें. उबाल आने पर आंच धीमी करें और चावल का आटा डालकर अच्छी तरह मिलाएं. बर्तन ढककर धीमी आंच पर 2 मिनट रखें. फिर गैस बंद करके इसे 5 मिनट ढका रहने दें.
गुनगुने आटे को परात में निकालें और हाथों पर थोड़ा पानी व घी लगाकर 4 से 5 मिनट तक चिकना गूंधें. छोटी लोई लेकर हाथ से या घी लगे मोदक सांचे में पतली कटोरी जैसा आकार बनाएं. इसमें 1 से 2 चम्मच स्टफिंग भरें, 7 से 9 कलियां बनाकर ऊपर से बंद कर दें.
इडली स्टीमर या छलनी पर भीगा हुआ सूती कपड़ा रखें. मोदक को हल्का पानी लगाकर उस पर रखें और मध्यम आंच पर 10 से 12 मिनट भाप में पकाएं. तैयार मोदक पर थोड़ा देसी घी डालकर गरमागरम परोसें.
