बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने कहा है कि भविष्य में उनकी भतीजी दीपिका आनंद को पार्टी में जिम्मेदारी दी जा सकती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके दोनों भतीजों आकाश और ईशान को राजनीतिक पद नहीं दिया जाएगा. उनके मुताबिक, भतीजों की आने वाली संतानों को भी पार्टी में जिम्मेदारी नहीं मिलेगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मायावती ने कहा कि उनके भाई आनंद कुमार को यदि संगठन में मदद के लिए किसी सदस्य की जरूरत होती है, तो वे अपनी बेटी दीपिका आनंद की मदद ले सकते हैं. दीपिका फिलहाल वकालत की पढ़ाई कर रही हैं. मायावती ने कहा कि उनकी ईमानदारी, निष्ठा और कार्यक्षमता के आधार पर भविष्य में उन्हें जिम्मेदारी दी जा सकती है.
दीपिका तैयार नहीं हुईं तो दूसरे कार्यकर्ता को मौका
मायावती ने कहा कि यदि दीपिका यह जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार नहीं होती हैं, तो आनंद कुमार पार्टी की आम सहमति से दलित समाज के किसी अन्य मिशनरी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दे सकते हैं. उन्होंने दोहराया कि यह अवसर उनके भतीजों या आगे उनकी संतानों को नहीं दिया जाएगा.
मायावती ने खुद को BSP संस्थापक कांशीराम की परिवारवाद-विरोधी राजनीतिक परंपरा से जोड़ा. उनका कहना था कि किसी व्यक्ति को उसकी योग्यता के आधार पर मौका दिया जा सकता है, लेकिन उसके परिवार के अन्य सदस्यों को इसका राजनीतिक लाभ नहीं दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि महिला होने के कारण सुरक्षा और अन्य परेशानियों से बचने के लिए उन्होंने अपने छोटे भाई को साथ रखा था.
2027 के चुनावों में युवाओं पर जोर
मायावती ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों में युवा, योग्य और मेहनती चेहरों को प्राथमिकता देने की बात कही. उन्होंने कहा कि Gen-Z को 50% तक टिकट देने पर विचार किया जाएगा. पार्टी संगठन और उम्मीदवारों में महिलाओं व पुरुषों, दोनों को प्रतिनिधित्व देने की बात भी कही गई.
उन्होंने Gen-Z और Gen-Alpha की जरूरतों को राजनीति के केंद्र में लाने तथा नई पीढ़ी के जरिए अंबेडकरवादी राजनीति और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने को BSP का लक्ष्य बताया.
मायावती ने 2012 में BSP की सरकार नहीं बनने के लिए विरोधी दलों के कथित जातिवादी रवैए को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने सरकारी विकास दावों पर सवाल उठाते हुए कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया और राजनीतिक प्रचार से सावधान रहने को कहा. निष्कासित नेताओं की पार्टी में वापसी की चर्चाओं को भी उन्होंने खारिज किया और कहा कि अनुशासनहीनता या पार्टी-विरोधी गतिविधियों के कारण निकाले गए नेताओं को वापस नहीं लिया जाएगा.
