पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में सोमवार सुबह एक व्यक्ति की लाठी और पाइप से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना करीब सुबह 5 बजे की बताई जा रही है. यह इलाका न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है और हत्या की वजह भी स्पष्ट नहीं है.

सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को दी सूचना

घटना के समय पास की एक इमारत में तैनात सुरक्षा गार्ड नंदलाल यादव ने पुलिस को बताया कि दो लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे. गार्ड के मुताबिक, उसने बीच-बचाव की कोशिश की तो हमलावरों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद वह वहां से हट गया और फोन कर पुलिस को सूचना दी.

नंदलाल ने बताया कि उसने सुबह करीब 4 बजे कुछ लोगों को वहां देखा था. उसके बयान के अनुसार, आरोपियों की धमकी के बाद उसने सीधे हस्तक्षेप करने के बजाय पुलिस को जानकारी दी.

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

घटना से जुड़े CCTV फुटेज में दो लोग एक व्यक्ति पर लाठियों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान और तलाश करने की कोशिश कर रही है. अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी या हत्या के पीछे के कारण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतक की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है.