विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को अमेरिका के मिडटर्म चुनाव, रूस-यूक्रेन संघर्ष, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पासपोर्ट और हॉर्मुज जलडमरूमध्य समेत कई मुद्दों पर भारत का रुख स्पष्ट किया. प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अमेरिकी मिडटर्म चुनाव वहां का आंतरिक मामला है और इससे भारत-अमेरिका संबंधों पर असर पड़ने की उम्मीद नहीं है.

जायसवाल ने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी को वॉशिंगटन में मजबूत द्विदलीय समर्थन हासिल है. दोनों देश इस साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

रूस-यूक्रेन युद्ध पर संवाद और कूटनीति पर जोर

रूस-यूक्रेन संघर्ष पर विदेश मंत्रालय ने भारत का पुराना रुख दोहराते हुए कहा कि संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है. मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में यूक्रेन के राष्ट्रपति से बातचीत की थी. दोनों नेताओं ने अपने दृष्टिकोण, मानवीय संकट और संघर्ष खत्म करने के संभावित तरीकों पर चर्चा की. भारत ने संघर्ष समाप्त कराने में मदद की इच्छा भी जताई है.

शेख हसीना के पासपोर्ट आवेदन से जुड़े सवाल पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस मुद्दे पर बांग्लादेश हाई कमीशन से जानकारी लेना बेहतर होगा.

हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर भारत ने सुरक्षित, स्वतंत्र और निर्बाध आवाजाही की मांग दोहराई. मंत्रालय ने कहा कि वह सभी संबंधित पक्षों के संपर्क में है, ताकि आम नागरिक जहाजों और नाविकों पर हमले न हों. इसमें भारतीय झंडे वाले जहाज और भारतीय नाविक भी शामिल हैं.

नेपाल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा पर जायसवाल ने बताया कि भारत ने उन्हें आमंत्रित किया है. यात्रा की तारीखों पर बातचीत जारी है और तारीख तय होने पर जानकारी दी जाएगी. क्वाड के बारे में मंत्रालय ने कहा कि हाल में कई उच्चस्तरीय बैठकें हुई हैं और भविष्य की बैठकों की जानकारी साझा की जाएगी. ढाका को दिल्ली के रूप में दिखाने वाली कथित लाइवस्ट्रीमिंग पर मंत्रालय ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई का आग्रह किया.