गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम की याचिका की सुप्रीम कोर्ट में सूचीबद्धता को लेकर Lawyers Association for Constitution (LAFC) ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) से स्पष्टीकरण की मांग की है. संगठन ने सवाल उठाया कि यह मामला ऐसी पीठ के सामने कैसे सूचीबद्ध हुआ, जिसके एक न्यायाधीश के पास निवारक निरोध से जुड़े मामलों की सुनवाई का रोस्टर नहीं था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 23 सितंबर को न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति एन. कोटिस्वर सिंह की पीठ ने रूपम को राहत दी थी. LAFC ने अपने बयान में कहा कि सुप्रीम कोर्ट के जजों के रोस्टर के तहत “Habeas Corpus and Preventive Detention” श्रेणी के मामले न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना की अध्यक्षता वाली पीठ को सौंपे गए हैं.

संगठन ने इस मामले के अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और चुनाव आयुक्तों (EC) की नियुक्ति से जुड़े कानून की वैधता पर सुनवाई में भी संभावित हितों के टकराव का मुद्दा उठाया. बयान में कहा गया कि न्यायमूर्ति शर्मा के बेटे 10 जुलाई 2024 से मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में भारत निर्वाचन आयोग के पैनल वकील हैं. मेधा रूपम, वर्तमान CEC ज्ञानेश कुमार की बेटी हैं.

LAFC ने कहा कि वह यह स्पष्ट किए जाने का स्वागत करेगा कि मेधा रूपम का मामला संबंधित पीठ के सामने किस प्रक्रिया के तहत सूचीबद्ध हुआ. संगठन ने सुझाव दिया कि ऐसे मामलों में पारदर्शी खुलासा और अलग होने यानी recusal की स्पष्ट व्यवस्था होनी चाहिए, जहां किसी न्यायाधीश के करीबी रिश्तेदार किसी पक्ष या संबंधित संस्था के वकील के रूप में जुड़े हों.

संगठन ने आदेश वापस लेने की मांग की

वकील संगठन ने मेधा रूपम मामले में पारित आदेश को वापस लेने और याचिका को उस न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष सूचीबद्ध करने का आग्रह किया, जिसे इस श्रेणी के मामलों का रोस्टर सौंपा गया है.

CEC और EC की नियुक्ति कानून से जुड़े मामले में न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शर्मा के बीच संविधान पीठ गठित किए जाने के सवाल पर अलग-अलग राय सामने आने के बाद मामला CJI के पास लंबित है. उपलब्ध विवरण के अनुसार, न्यायमूर्ति शर्मा ने पांच न्यायाधीशों वाली संविधान पीठ से सुनवाई के पक्ष में राय दी थी.

LAFC ने कहा कि ऐसे मामलों में कसौटी यह नहीं होती कि न्यायाधीश वास्तव में प्रभावित हुए थे या नहीं. सवाल यह होता है कि क्या निष्पक्ष और सूचित पर्यवेक्षक को पक्षपात की संभावना का उचित आधार दिखाई दे सकता है. संगठन के मुताबिक, ये सिद्धांत न्यायाधीशों और वादियों—दोनों की सुरक्षा के लिए हैं.